नारी शक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम
मुंबई, 28 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजमेर से देशव्यापी एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह अभियान देश की ‘नारी शक्ति’ को सबल बनाने और माताओं व बेटियों के स्वास्थ्य की रक्षा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान के प्रति सरकार की भूमिका संवेदनशील रही है और यह अभियान उसी संवेदनशीलता की संस्कृति को आगे बढ़ाता है।
मुख्यमंत्री फडणवीस हुए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से शामिल
इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मुंबई से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे। ‘वर्षा’ निवास पर वित्त एवं नियोजन राज्यमंत्री अशीष जायस्वाल, अपर मुख्य सचिव अश्विनी भिडे, सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव डॉ. निपुण विनायक तथा प्रधान सचिव डॉ. श्रीकर परदेशी भी उपस्थित थे।
परिवार की धुरी है माँ -पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा, “यदि घर में माँ बीमार पड़ जाए तो पूरा परिवार अस्त-व्यस्त हो जाता है। माँ स्वस्थ रहे तो परिवार हर संकट का सामना कर सकता है।” उन्होंने उज्ज्वला गैस योजना, सैनिटरी पैड की उपलब्धता और शौचालय निर्माण जैसे ‘मिशन मोड’ उपक्रमों का उल्लेख करते हुए बताया कि सुरक्षित मातृत्व योजना के तहत गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार के लिए महिलाओं के खाते में 5,000 रुपए जमा किए जा रहे हैं।
17,000 करोड़ रुपए के विकास परियोजनाओं का उद्घाटन
इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित लगभग 17,000 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
विकसित राजस्थान से विकसित भारत’ का मंत्र
बुनियादी ढाँचे पर प्रधानमंत्री ने कहा कि सड़क, रेल और हवाई संपर्क से राजस्थान का भविष्य बदल रहा है। दिल्ली-मुंबई औद्योगिक कॉरिडोर के इर्द-गिर्द विकसित हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर से राजस्थान वैश्विक निवेश के लिए ‘अवसरों की भूमि’ बन रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का भी उल्लेख किया, जिसके तहत छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए ₹78,000 की सहायता दी जाती है। ‘विकसित राजस्थान से विकसित भारत’ के मंत्र को दोहराते हुए उन्होंने राजस्थान की सांस्कृतिक और वीरतापूर्ण विरासत की सराहना की।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version