मुंबई: मुंबईकरों की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में बढ़ती भीड़ अब जानलेवा साबित हो रही है। पश्चिमी रेलवे के मालाड रेलवे स्टेशन पर लोकल से उतरने को लेकर हुए मामूली विवाद ने एक यात्री की जान ले ली। इस सनसनीखेज घटना से स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार 24 जनवरी की शाम करीब 6 से 8 बजे के बीच की है। चर्चगेट-बोरिवली स्लो लोकल से यात्रा कर रहे 33 वर्षीय आलोक कुमार सिंह का ट्रेन में एक सहयात्री से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मालाड स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर उतरते ही दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपी ने अपनी जेब से धारदार हथियार निकाला और आलोक सिंह के पेट के दाहिने हिस्से में वार कर दिया।
प्लेटफॉर्म पर गिर गए प्रोफेसर
हमले के बाद आलोक खून से लथपथ होकर प्लेटफॉर्म पर गिर गए थे। जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद यात्रियों में दहशत फैल गई और स्टेशन पर हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल आलोक सिंह को तत्काल शताब्दी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान
मृतक आलोक कुमार सिंह कांदिवली के निवासी थे और विले पार्ले स्थित एनएम कॉलेज में प्राध्यापक के पद पर कार्यरत थे। रोज़ की तरह वे लोकल ट्रेन से यात्रा कर रहे थे, लेकिन एक मामूली विवाद उनकी मौत का कारण बन गया।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस की विशेष टीम
बोरीवली जीआरपी ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने स्टेशन परिसर और लोकल ट्रेन के सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिए हैं। इन्हीं फुटेजों की मदद से फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। रेलवे पुलिस पश्चिम परिमंडल की उपायुक्त सुनीता सालुंके-ठाकरे ने बताया कि आरोपी को जल्द पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित की गई है।
यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल
इस घटना के बाद लोकल ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों में भय का माहौल है। भीड़, धक्का-मुक्की और छोटी-छोटी बातों पर बढ़ते विवादों ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version