पहले 5 मिनट पीएम मोदी पर ही सीधा वार
मुंबई. शिवाजी पार्क में आयोजित मनसे के गुढी पाड़वा सम्मेलन में राज ठाकरे ने अपने भाषण की शुरुआत में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने ईरान-इजरायल विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि भारत को ईरान का समर्थन करना चाहिए था, लेकिन केंद्र सरकार की ओर से कोई ठोस प्रतिक्रिया नहीं आई।
राज ठाकरे ने कहा कि ईरान भारत का पुराना मित्र रहा है और जम्मू-कश्मीर जैसे मुद्दों पर उसने हमेशा भारत का साथ दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान पर हमलों और खामेनेई की मौत के बाद भी भारत सरकार ने कोई बयान या विरोध दर्ज नहीं किया, जो भविष्य में भारत के लिए घातक हो सकता है।
महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था और कर्ज पर चिंता
राज ठाकरे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र की महायुति सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य पर इस समय करीब 11 लाख करोड़ रुपए का कर्ज है, जबकि पृथ्वीराज चव्हाण के कार्यकाल में यह केवल 2 लाख करोड़ था। विकास के दावों के बावजूद राज्य की आर्थिक स्थिति चिंताजनक बताई।
सरकार पर ‘ध्यान भटकाने’ का आरोप
राज ने आरोप लगाया कि सरकार जनता को आईपीएल, फिल्मों और सोशल मीडिया में उलझाकर असली मुद्दों से दूर रख रही है। राज ठाकरे ने लोगों से खास तौर पर इंस्टाग्राम से बाहर निकलने और सरकार से सवाल पूछने की अपील की।
बढ़ते अपराध और ड्रग्स पर भी उठाए सवाल
राज ने राज्य में बढ़ते अपराध, ड्रग्स की बिक्री और बच्चों के लापता होने के मामलों पर चिंता जताई। उन्होंने दावा किया कि राज्यभर में, यहां तक कि स्कूल-कॉलेजों में भी ड्रग्स बिक रहे हैं। इससे युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में जा रही है, जो राज्य के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है।
बच्चों के लापता होने के चिंताजनक आंकड़े
राज ने कहा कि हर साल हजारों बच्चे गायब हो रहे हैं, जो गंभीर स्थिति को दर्शाता है। राज ठाकरे ने NCRB के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा, महाराष्ट्र में हर साल करीब 4500 से 5500 बच्चे लापता हो जाते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे हालात में माता-पिता पर क्या गुजरती होगी। उन्होंने चौंकाने वाले आंकड़े पेश करते हुए कहा, 36 दिनों में मुंबई से 82 बच्चे लापता हुए। 2025 (जनवरी-नवंबर) में नवी मुंबई से 499 अपहरण के मामले सामने आए। ये आंकड़े खुद सरकार द्वारा विधानसभा में दिए गए हैं।
राजनीति और ठेकेदारी पर निशाना
राज ठाकरे ने कहा कि राज्य में फिलहाल विधायक, सांसद, ठेकेदार और पैसे का खेल चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र “बेचने” की स्थिति में पहुंच गया है।
ग्रामीण-शहरी असंतुलन
राज ठाकरे ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र विकास से वंचित हैं, जिससे वहां के युवा शहरों की ओर पलायन कर रहे हैं। लेकिन शहरों की हालत भी बिगड़ती जा रही है।
मराठी अस्मिता और भाषा पर जोर
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में ही लोग हिंदी बोलने पर जोर देते हैं, जबकि अन्य राज्य अपनी भाषा और पहचान को मजबूती से बनाए रखते हैं। उन्होंने मराठी अस्मिता को बचाने की अपील की।
शरद पवार की तारीफ, फडणवीस पर निशाना
अपने भाषण में राज ठाकरे ने शरद पवार की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने महाराष्ट्र में फलोत्पादन क्रांति लाई। वहीं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधते हुए कहा कि विकास के दावे जमीन पर नजर नहीं आते।
महाराष्ट्र Next’ वेबसाइट का ऐलान
राज ठाकरे ने ‘महाराष्ट्र Next’ नाम से एक नई वेबसाइट लॉन्च करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह प्लेटफॉर्म राज्य के विकास के लिए जनता के सुझाव लेने और नए विचार साझा करने के लिए बनाया गया है।
20 साल पूरे होने पर सत्ता का संकल्प
मनसे के 20 साल पूरे होने पर राज ठाकरे ने कहा कि पार्टी महाराष्ट्र के विकास के लिए सत्ता में आने का लक्ष्य रखती है और राज्य को उसका पुराना गौरव दिलाने के लिए काम करेगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version