मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में उठापटक के बीच महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के पारंपरिक गुढीपाड़वा मेलावे को लेकर पूरे राज्य में जबरदस्त उत्सुकता है। मनसे की ओर से सोशल मीडिया पर जारी किए गए टीज़र ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है।
‘महाराष्ट्र में जो हो रहा है, वो मंज़ूर है आपको?’
मनसे द्वारा जारी यह टीज़र बेहद आक्रामक और सीधा है। इसमें आम महाराष्ट्र की भड़ास को बड़ी बेबाकी से रखा गया है। टीज़र में जनता से कुछ तीखे सवाल पूछे गए हैं —
“महाराष्ट्र में जो चल रहा है, वो पसंद है आपको?”
“रोज़ की घटनाएँ देखकर मन परेशान हो रहा है?”
“राज्य की यह हालत देखकर आप बेचैन हैं?”
टीज़र में आगे कहा गया — “आप अकेले नहीं हैं, महाराष्ट्र से प्यार करने वाले हर इंसान को ऐसा ही लग रहा है। चलिए शिवतीर्थ पर मिलते हैं, उज्ज्वल महाराष्ट्र का रास्ता तय करते हैं।”
यह मेलावा 19 मार्च को शिवतीर्थ (शिवाजी पार्क), मुंबई में शाम 5 बजे आयोजित होगा।
रायगड पर दिया था संकेत, गुढीपाड़वे पर होगा खुलासा
कुछ दिन पहले मनसे के 20वें स्थापना दिवस पर रायगड किले में आयोजित कार्यक्रम में राज ठाकरे ने कहा था — “जो कुछ कहना है, वो गुढीपाड़वे की सभा में कहूँगा।” तब से ही हर कोई उनके अगले कदम का बेसब्री से इंतज़ार कर रहा है। माना जा रहा है कि इस मेलावे में मनसे की बदली हुई राजनीतिक दिशा और हिंदुत्व की भूमिका एक बार फिर स्पष्ट की जाएगी।
अजीत पवार विमान हादसा और रोहित पवार की मुलाकात
इस मेलावे का सबसे बड़ा आकर्षण है — अजीत पवार के विमान हादसे का मामला। हाल ही में एनसीपी (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार ने राज ठाकरे से मुलाकात की थी। इसके बाद रोहित पवार ने कहा था कि “राज ठाकरे, अजीत पवार को न्याय दिलाने की कोशिश करेंगे।” अब इस संवेदनशील मुद्दे पर राज ठाकरे शिवतीर्थ से क्या रुख अपनाते हैं, इसी पर पूरे महाराष्ट्र की नज़रें टिकी हैं। मराठी अस्मिता, हिंदुत्व और राजनीतिक उठापटक के बीच शिवतीर्थ की यह सभा महाराष्ट्र के सियासी समीकरणों को नई दिशा दे सकती है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version