मुंबई. पुलिस एनकाउंटर में मारे गए अक्षय शिंदे की कुकर्म के कारण मुंबई से सटे ठाणे जिले का बदलापुर इलाका पहले ही काफी बदनाम हुआ था। आरोप है कि अक्षय ने दो स्कूली बच्चियों को हवस का शिकार बनाया। अब बदलापुर एक और स्कूली छात्रा से स्कूल बस में ही हुए बलात्कार की घटना के कारण दहल उठा है।
बदलापूर में एक चार वर्षीया छात्रा के साथ उसी के स्कूल बस चालक द्वारा रेप किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह घटना बुधवार दोपहर उस समय की है जब बच्ची स्कूल से घर लौट रही थी। स्कूल बस सामान्य समय से काफी देर से पहुंची, जिसके बाद पीड़ित बच्ची रोती हुई बस से उतरी।
परिवार ने किया मामला उजागर
बच्ची की मां बस का इंतजार कर रही थीं। बच्ची के रोते हुए उतरने पर उन्हें संदेह हुआ। घर पहुंचने के बाद माता-पिता के पूछने पर बच्ची ने पूरी घटना बताई। बच्ची इतनी भयभीत थी कि जब ड्राइवर को बुलाया गया तो वह अपने माता-पिता के पीछे छिप गई।
स्कूल प्रशासन ने दिखाई लापरवाही
पीड़ित बच्ची के माता-पिता ने तुरंत स्कूल प्रशासन से शिकायत की। हालांकि, स्कूल प्रशासन ने पर्याप्त संज्ञान नहीं लिया और बस चालक का पक्ष लेने का प्रयास किया। इससे नाराज माता-पिता बदलापूर वेस्ट पुलिस स्टेशन पहुंचे।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
रात के समय देर से दर्ज हुई शिकायत के बाद भी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। यह घटना स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।
