मुंबई: सांताक्रुज पश्चिम में एक 37 वर्षीय महिला की हत्या के मामले की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस मामले में पुलिस ने मृतका की कथित ‘लिव इन’ पार्टनर को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है, जो कि एक 35 वर्षीय महिला ही निकली।
पुलिस के अनुसार, उपरोक्त घटना बुधवार की रात आरोपी महिला के निवास पर ही घटित हुई थी। घटना में आरोपी ने पीड़ित की छाती में चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी थी। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि दोनों महिलाएं आपस में रिश्ते में थीं और हत्या कथित तौर पर एक मामूली विवाद के कारण हुई। मृतक की पहचान रशीदा धोने (बदला हुआ नाम) के रूप में हुई है, जो संताक्रूज वेस्ट के नवजीवन सोसायटी की निवासी थीं। आरोपी कमला कांबले (बदला हुआ नाम) सांताक्रुज- पश्चिम स्थित फूलवाली गली की निवासी है। दोनों ही महिलाएं घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थीं।
मिलने को लेकर विवाद ने ली जान
एफआईआर के मुताबिक, घटना बुधवार रात 11.30 बजे से 12 बजे के बीच आरोपी के घर पर हुई। विवाद तब भड़का जब कमला ने रशीदा से पूछा कि वह उससे मिलने में आनाकानी क्यों कर रही है? बाद में उनके बीच का विवाद बढ़ गया और इसके बाद कमला ने कथित तौर पर रशीदा की छाती में चाकू मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। सांताक्रुज पुलिस ने कमला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 (हत्या की सजा) के तहत मामला दर्ज किया और उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया। उसे अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे 22 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस का बयान
पुलिस के अनुसार, “अभी तक की जांच से पता चलता है कि दोनों महिलाएं रिश्ते में थीं। एक मामूली झगड़े के कारण आरोपी ने पीड़ित को चाकू मार दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच जारी है।”

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version