मुंबई. केंद्रीय चुनाव आयोग के विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (SPECIAL INTENSIVE REVISION -SIR) कार्यक्रम के दौरान मुंबई में बड़ी गड़बड़ी के आरोप लग रहे हैं। महाराष्ट्र के मंत्री और मालाबार हिल के विधायक मंगल प्रभात लोढा (Mangal Prabhat Lodha) ने इस प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं का दावा करते हुए मुख्य चुनाव अधिकारी से शिकायत की है। उन्होंने मस्जिदों में बैठकों और मतदाताओं के दोहरे पंजीकरण पर कड़ी आपत्ति जताई है।
मस्जिदों में बैठकों पर कार्रवाई की मांग
मंत्री मंगल प्रभात लोढा ने विल्सन कॉलेज में चुनाव अधिकारी बालासाहेब वाघचौरे से मुलाकात कर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। लोढा का आरोप है कि बीएलओ मस्जिदों में जाकर एक विशेष समुदाय के लोगों के साथ मतदाता पंजीकरण के लिए बैठकें कर रहे हैं, जो चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश है। उन्होंने इस मामले की तुरंत जांच कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है, जिस पर चुनाव अधिकारी ने स्पष्टीकरण मांगने का आश्वासन दिया है।
अस्थायी प्रवासियों के अधिकारों की सुरक्षा
लोढा ने मुंबई और पूरे महाराष्ट्र में विकास परियोजनाओं या खतरनाक इमारतों के कारण अस्थायी रूप से विस्थापित हुए नागरिकों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने मांग की कि ऐसे नागरिकों का नाम उनके मूल वार्ड की मतदाता सूची में ही रहना चाहिए, न कि उनके अस्थायी पते पर। उन्होंने चुनाव आयोग से इन मतदाताओं के लिए विशेष पंजीकरण शिविर आयोजित करने और बीएलओ को जल्द से जल्द आधिकारिक पहचान पत्र जारी करने का आग्रह किया है।

