मुंबई. बांद्रा (पूर्व)-बीकेसी स्थित सेबी भवन के पास पैदल मार्ग पर अजगर के कई सपोले निकलने से क्षेत्र में कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया. समय रहते मिली सूचना पर सर्प मित्रों और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सभी सपोलों को सुरक्षित बचा लिया. बाद में उन्हें वन विभाग की गाइडलाइन के अनुसार सुरक्षित वन क्षेत्र में पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की गई. (Small python snakes found in SEBI building at BKC: Snake friends transported to safe forest area)
इंटरनेट डक्ट से बाहर आ रहे थे सपोले
रविवार रात करीब 8.53 बजे बीकेसी पुलिस स्टेशन को सूचना मिली कि सेबी भवन के पास पैदल मार्ग पर बने इंटरनेट डक्ट से अजगर के बच्चे बाहर निकल रहे हैं. सूचना मिलते ही सर्प मित्र अतुल कांबले ने वन विभाग और संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दी.
सात अजगर के बच्चे और एक सांप का रेस्क्यू
सर्प मित्र अतुल कांबले तथा पुलिसकर्मी सचिन मोरे तत्काल मौके पर पहुंचे. उन्होंने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर सात अजगर के सपोलों और एक गैर विषैले कवड्या प्रजाति के सांप को सुरक्षित बाहर निकाला. हाईवे के निकट होने के कारण इनके सड़क पर आने और दुर्घटना का शिकार होने की आशंका थी.
नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील
वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं सांप या अजगर के बच्चे दिखाई दें तो उन्हें नुकसान न पहुंचाएं और न ही पकड़ने का प्रयास करें. ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग के टोल-फ्री नंबर 1926 या सर्प मित्रों को सूचना दें, ताकि वन्यजीवों का सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके.
