मुंबई में मना ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’
मुंबई, 11 मई. गुजरात के सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मुंबई के श्री धाकलेश्वर महादेव मंदिर में सांस्कृतिक कार्य विभाग की ओर से ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व – अटूट आस्था के 1000 वर्ष’ नामक विशेष भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसी अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रभास पाटन में 11 मई को विशेष महापूजा भी संपन्न की.
राज्यपाल ने किया मंदिर की महिमा का गुणगान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने कहा कि सोमनाथ मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, श्रद्धा और सनातन परंपरा की आत्मा का जीवंत प्रतीक है. उन्होंने कहा कि महमूद गजनवी से लेकर औरंगजेब तक अनेक आक्रांताओं ने इस मंदिर को नष्ट करने का प्रयास किया, परंतु वे पत्थरों को तो क्षति पहुँचा सके, किंतु श्रद्धालुओं की आस्था को कभी मिटा नहीं पाए. राज्यपाल ने यह भी कहा कि भारत केवल एक भौगोलिक भूखंड नहीं, बल्कि एक चिरंतन संस्कृति है और ‘सनातन’ का अर्थ ही वह है जिसका कोई अंत न हो, जिसका जीवंत उदाहरण सोमनाथ मंदिर है.
गणमान्य अतिथियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्य मंत्री एड. आशीष शेलार, राज्यपाल के सचिव डॉ. प्रशांत नारनवरे, सांस्कृतिक कार्य विभाग के सचिव डॉ. किरण कुलकर्णी, संचालक श्रीराम पांडे तथा मंदिर के प्रबंध न्यासी अशोक भंसाली उपस्थित रहे. सभी अतिथियों ने महादेव के दर्शन किए और ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया.
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने किया मन मोह
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रसिद्ध ओडिसी नृत्यांगना शुभदा वराडकर की मनमोहक नृत्य प्रस्तुति से हुआ. उनके प्रदर्शन में भारतीय अध्यात्म और परंपरा की समृद्ध झलक देखने को मिली, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा.
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution

