मुंबई : स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर (Prakash Abitakar) ने 28 जून को होने वाले टीकाकरण अभियान में सभी अभिभावकों से अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा (Pulse polio drive) अवश्य पिलाने की अपील की है।
स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने कहा कि राज्य में पोलियो मुक्त दर्जा बनाए रखने के लिए यह अभियान बेहद महत्वपूर्ण है। रविवार, 28 जून 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक लगभग 1 करोड़ 3 लाख बच्चों को बायवैलेंट ओरल पोलियो वैक्सीन (bOPV) की दो बूंद पिलाई जाएगी।
बड़े स्तर पर की गई तैयारी
अभियान के लिए पूरे राज्य में 89,489 टीकाकरण बूथ, 26,530 ट्रांजिट टीमें, 13,518 मोबाइल टीमें और 586 रात्रि पाली टीमें तैनात की गई हैं, जो बच्चे बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए शहरी क्षेत्रों में पांच दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में तीन दिन तक घर-घर जाकर टीकाकरण किया जाएगा।
पोलियो मुक्त दर्जा बनाए रखने पर जोर
महाराष्ट्र में पोलियो का अंतिम मरीज सितंबर 2010 में मिला था, जबकि भारत को 27 मार्च 2014 को पोलियो मुक्त घोषित किया गया था। हालांकि पड़ोसी देशों में अभी भी पोलियो के मामले सामने आने के कारण सतर्कता जरूरी है। अभियान की सफलता के लिए राज्य, जिला और स्थानीय स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति, प्रशिक्षण और सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version