अंधेरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
मुंबई: स्पोर्ट बाइक चलाने वालों के लिए यह खबर अहम है। शहर में सड़क किनारे खड़ी स्पोर्ट बाइक चुराने वाले एक गिरोह के खिलाफ अंधेरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 18 लाख रुपए कीमत की 9 स्पोर्ट बाइकें बरामद की हैं।
रॉयल एनफील्ड चोरी से खुला मामला
अंधेरी पुलिस स्टेशन क्षेत्र के गुंदवली इलाके में मुंबई महानगरपालिका के/पूर्व विभाग कार्यालय के बाहर से एक रॉयल एनफील्ड क्लासिक बुलेट चोरी हुई थी। इसी मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई की।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने चांदीवली के संघर्ष नगर इलाके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम हैं—
ओंकार सुनील फासगे (22 वर्ष)
सागर राहुल गायकवाड़ (19 वर्ष)
कार्तिक विष्णु मस्के (18 वर्ष)
तीनों आरोपी साकीनाका के संघर्ष नगर इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं।
9 स्पोर्ट बाइकें बरामद
अंधेरी पुलिस ने आरोपियों के पास से 9 स्पोर्ट बाइकें जब्त की हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इन आरोपियों पर मुंबई के अलग-अलग इलाकों में स्पोर्ट बाइक चोरी के कई मामले दर्ज हैं।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश
अंधेरी पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि
इस गिरोह ने और कितनी बाइकें चुराई हैं।
गिरोह में और कौन-कौन शामिल है?
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक उमेश मच्छिंदर के नेतृत्व में मामले की गहन जांच जारी है।
स्पोर्ट बाइक मालिक रहें सतर्क
पुलिस ने स्पोर्ट बाइक मालिकों से अपील की है कि वे बाइक सुरक्षित स्थान पर पार्क करें और सुरक्षा उपायों का विशेष ध्यान रखें।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version