मुंबई: उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद खाली हुए पद पर अब उनकी धर्मपत्नी एवं राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र का नया उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा। राजभवन में शनिवार शाम 5 बजे आयोजित होने वाले शपथ समारोह में वह पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण करेंगी।
शनिवार का दिन महाराष्ट्र की राजनीति में एक ऐतिहासिक मोड़ लेकर आएगा है। अजित पवार के असामयिक निधन के बाद उनके राजनीतिक विरासत को सँभालने की जिम्मेदारी अब सुनेत्रा पवार पर आने वाली है, जिससे राज्य के सत्ता समीकरण में एक नया अध्याय शुरू होगा। शपथ विधि के साथ ही सुनेत्रा राज्य की पहली महिला उप मुख्यमंत्री भी बन जाएंगी।
विधायक दल की बैठक में होगा औपचारिक चयन
इससे पहले, दोपहर 2 बजे विधानभवन में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के विधायक दल की बैठक बुलाई गई है, जहाँ सुनेत्रा पवार को विधायक दल का नेता चुना जाएगा। इस औपचारिक चयन के बाद ही राज्यपाल उन्हें शपथ दिलाएंगे। बारामती से सुनेत्रा पवार और उनके पुत्र जय पवार शनिवार रात ही मुंबई के लिए रवाना हो गए थे।
मंत्रालयों के वितरण पर चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, सुनेत्रा पवार को राज्य उत्पाद शुल्क और खेल मंत्रालय का प्रभार दिया जा सकता है। वहीं, अजित पवार के पास रहा वित्त और योजना विभाग मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस स्वयं संभाल सकते हैं। फड़नवीस ने कहा है, “राष्ट्रवादी पार्टी जो भी निर्णय लेगी, हम उसके साथ रहेंगे।”
भुजबल ने दिए स्पष्ट संकेत
पार्टी के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल ने शनिवार को ही सुनेत्रा पवार के नाम पर मुहर लगाते हुए कहा था, “उपमुख्यमंत्री पद की जगह सुनेत्रा भाभी को दिए जाने की दिशा में हमारा प्रयास चल रहा है। विधायक दल की बैठक में एकमत होने पर रविवार को ही शपथ समारोह होगा।” उन्होंने यह भी कहा कि अजित दादा की जिम्मेदारी अब किसी न किसी को तो संभालनी ही होगी।
अभी कोई औपचारिक चर्चा नहीं- प्रफुल्ल पटेल
हालांकि, पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि सुनेत्रा पवार के नाम पर अभी कोई औपचारिक चर्चा नहीं हुई है। उन्होंने कहा, “पार्टी और परिवार से बातचीत के बाद जल्द निर्णय लिया जाएगा। पार्टी और जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए सही फैसला होगा। इसके साथ साथ उन्होंने ये भी स्पष्ट कर दिया कि सुनेत्रा के नाम का उनकी तरफ से कोई विरोध नहीं है.”
पाटील ने खारिज की एकीकरण की अफवाह
पार्टी नेता उमेश पाटील ने दोनों धड़ों (शरद पवार और अजित पवार गुट) के एकीकरण की चर्चाओं को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने दावा किया कि अजित पवार ने कभी भी इस तरह की कोई बात नहीं की थी। साथ ही, उन्होंने सुनेत्रा पवार के नेतृत्व का समर्थन करते हुए कहा कि जिस तरह सोनिया गांधी ने राजीव गांधी के बाद कांग्रेस संभाली, वैसे ही सुनेत्रा पवार पार्टी की कमान संभाल सकती हैं।
सभी विधायकों को बुलाया गया मुंबई
इन तेज राजनीतिक घटनाक्रम के बीच, एनसीपी ने अपने सभी विधायकों को रविवार को मुंबई बुलाया है। माना जा रहा है कि विधायक दल की बैठक में उपमुख्यमंत्री पद के लिए एकमत निर्णय लिया जाएगा। पार्टी के वरिष्ठ नेता सुनील तटकरे भी इस प्रक्रिया में शामिल हैं।
चाहे अजीत दादा का परिवार हो या राकां, हम उनके साथ खड़े हैं. वे जो भी निर्णय लेंगे, हम उनका समर्थन करेंगे. राकां के नेताओं ने मुझसे दो बार बात की है। उन्होंने अपनी कार्यप्रणाली, उपलब्ध विकल्पों के बारे में बात की. लेकिन, अंतिम निर्णय राकां ही लेगी. इसके बारे में मेरा कुछ भी कहना उचित नहीं होगा. राकां के फैसले को भाजपा और सरकार का पूरा समर्थन देगी.
-देवेंद्र फडणवीस, मुख्यमंत्री
