मुख्यमंत्री फडणवीस ने किया शुभारंभ
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज विधान भवन में टीएमएस 2.0 (ट्रांजेक्शन मैनेजमेंट सिस्टम) प्रणाली का शुभारंभ किया। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रणाली से राज्य में पारदर्शक, जवाबदेह और सुलभ स्वास्थ्य व्यवस्था स्थापित होगी।
महाराष्ट्र में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और महात्मा ज्योतिराव फुले जन आरोग्य योजना के तहत मरीजों को बेहतर सुविधा देने के लिए आज टीएमएस 2.0 (ट्रांजैक्शन मैनेजमेंट सिस्टम) प्रणाली का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधान भवन में आयोजित कार्यक्रम में इस नई व्यवस्था की शुरुआत की।
मरीजों को मिलेगा सीधा लाभ
इस अवसर पर बोलते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने विश्वास जताया कि टीएमएस 2.0 प्रणाली से राज्य में एक पारदर्शक, जवाबदेह और सुलभ स्वास्थ्य व्यवस्था का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लगातार प्रयास है कि मरीजों को तेज और रोगी-हितैषी उपचार मिले। इसी कड़ी में यह नई डिजिटल प्रणाली एक अहम कदम है।
पूरी प्रक्रिया होगी डिजिटल
टीएमएस 2.0 प्रणाली के कार्यान्वयन से अस्पतालों में उपचार की पूरी प्रक्रिया डिजिटल हो जाएगी। इस प्रणाली की मुख्य विशेषताएं इस प्रकार हैं: बायोमेट्रिक पंजीकरण, डिजिटल ट्रैकिंग और AI मॉनिटरिंग के जरिए शिकायतों का तेजी से निराकरण किया जाएगा।
4,537 अस्पतालों में मिलेंगे 2,399 मुफ्त उपचार
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और महात्मा ज्योतिराव फुले जन आरोग्य योजना के अंतर्गत राज्य के 4,537 अस्पतालों में 2,399 उपचारों की ऑनलाइन सुविधा शुरू की गई है। यह प्रणाली आधी रात से पूरी तरह सक्रिय हो जाएगी।
हेल्पलाइन नंबर जारी
योजना में धोखाधड़ी होने पर नागरिक 155388 या 1800233200 पर संपर्क कर सकते हैं। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version