ठाणे : जिले के बदलापुर (पूर्व) से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे पर मामूली विवाद के बाद अपनी मां की हत्या की कोशिश का सनसनीखेज आरोप लगा है। मोबाइल में मौजूद एक रिकॉर्डिंग डिलीट करने को लेकर हुए झगड़े में आरोपी बेटे ने अपनी मां पर जानलेवा हमला कर दिया। इस मामले में बदलापुर पूर्व पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है। घटना के बाद फरार हुए आरोपी को उल्हासनगर क्राइम ब्रांच ने जाल बिछाकर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता नंदा नारायण व्यापारी आनंदनगर, गावदेवी स्थित गोकुल सोसायटी में रहती हैं। तीन दिन पहले रात करीब 2 बजे कुलगांव बदलापुर पूर्व के सौजन्य अपार्टमेंट, रूम नंबर 105 में यह घटना हुई। उस समय नंदा व्यापारी और उनका नाती हॉल में सो रहे थे। तभी उनका बेटा मिलिंद नारायण व्यापारी (36 वर्ष) वहां आया और अपनी पत्नी के साथ हुई बातचीत की मोबाइल रिकॉर्डिंग किसने डिलीट की, इस बात को लेकर मां को जगाकर उनसे झगड़ा करने लगा।
मुंह में बनियान ठूंसकर दबाया गला
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपनी मां को गालियां दीं और थप्पड़ मारने लगा। इसके बाद उसने मां को बेड पर धक्का दिया, अलमारी से बनियान निकालकर उसका गोला बनाया और मां के मुंह में ठूंस दिया।
आरोप है कि इसके बाद उसने एक हाथ से मां का गला दबाकर उनकी हत्या करने की कोशिश की। किसी तरह मां की जान बच गई, लेकिन घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
क्राइम ब्रांच ने जाल बिछाकर पकड़ा
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। इस दौरान उल्हासनगर क्राइम ब्रांच के पुलिस सिपाही रामदास उगले को मिली सूचना के आधार पर जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में श्रीरंग गोसावी, पुलिस हवालदार मंगेश जाधव, चंद्रकांत सावंत, रितेश वंजारी और रामदास उगले शामिल थे।
पुलिस कर रही आगे की जांच
फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। इस पूरे मामले की आगे की जांच बदलापुर पूर्व पुलिस द्वारा की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version