स्किल सेंटरों का किया निरीक्षण
अतिक्रमण पर दिए सख्त निर्देश
मुंबई. सांसद और केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल अपने चुनाव क्षेत्र उत्तर मुंबई को उत्तम मुंबई बनाने के लक्ष्य पर जोर शोर से काम कर रहे हैं. शनिवार को उन्होंने आगामी मानसून के मद्देनजर क्षेत्र में प्री-मानसून तैयारियों का जायजा लिया. उन्होंने डहाणूकरवाड़ी पुल के पास स्थित नाले का व्यक्तिगत रूप से निरीक्षण किया और नागरिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि नालों की सफाई का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए. निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री ने पाया कि नालों के किनारे बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हुआ है, जो मानसून के दौरान गंभीर जलभराव का कारण बन सकता है. इस स्थिति को देखते हुए उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को अवैध संरचनाओं के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए ताकि बारिश के दिनों में जल निकासी सुचारू रूप से हो सके.
मौसम विभाग के अनुमानों को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय मंत्री गोयल ने अधिकारियों से कहा कि इस वर्ष मानसून समय से पहले आने की संभावना है, इसलिए नालों की सफाई का कार्य युद्धस्तर पर किया जाना चाहिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि बुनियादी ढांचे की तैयारियों में किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. प्रशासन को यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करने होंगे कि भारी बारिश के मौसम में उत्तर मुंबई के आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और उनका जनजीवन प्रभावित न हो.
युवाओं के लिए खुलेंगे नए स्किल डेवलपमेंट सेंटर
मानसून की तैयारियों की समीक्षा करने के साथ ही पीयूष गोयल ने क्षेत्र के विकास कार्यों को भी गति दी. उत्तर मुंबई को “उत्तम मुंबई” में परिवर्तित करने के दृष्टिकोण के तहत क्षेत्र में स्किल डेवलपमेंट पहलों पर विशेष जोर दिया जा रहा है. इसी कड़ी में उत्तर मुंबई की सभी छहों विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक नया स्किल डेवलपमेंट सेंटर स्थापित करने की योजना बनाई गई है. कांदिवली पूर्व में स्थित अटल बिहारी वाजपेयी स्किल डेवलपमेंट सेंटर को स्थानीय नागरिकों से मिले शानदार और सकारात्मक प्रतिसाद के बाद प्रशासन ने इसी तर्ज पर छह और नए केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया है.
रोजगार और आत्मनिर्भरता को मिलेगा बढ़ावा
इस महत्वाकांक्षी योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने खुद दहिसर चेक नाका, ठाकुर विलेज, शिंपोली रोड, चिंचोली बंदर और मालाड (पश्चिम) का दौरा किया. उन्होंने इन क्षेत्रों में प्रस्तावित नए स्किल सेंटरों के संभावित स्थलों का बारिकी से निरीक्षण किया. इस पूरी पहल का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं को आधुनिक और रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण प्रदान करना है, जिससे वे आने वाले समय में पूरी तरह आत्मनिर्भर बन सकें और उन्हें रोजगार के नए अवसर मिल सकें.
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
