मुंबई। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) द्वारा जल वाहिनी के महत्वपूर्ण काम के चलते मुंबई के ‘एच पूर्व’ (एच पूर्व) विभाग सहित जी उत्तर और के पूर्व वार्ड के निवासियों को आगामी सप्ताह पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। सोमवार, 22 दिसंबर से शुक्रवार, 26 दिसंबर के बीच कुल 99 घंटों तक इन क्षेत्रों में कम दबाव से जलापूर्ति होगी और पानी की सप्लाई के समय में भी बदलाव किया गया है।
एच पूर्व विभाग पर पड़ेगा सीधा असर बीएमसी प्रशासन के अनुसार, एच पूर्व विभाग के अंतर्गत आने वाले बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) और मोतीलाल नगर में सोमवार से गुरुवार (22 से 25 दिसंबर) तक रात 10:00 से 11:40 बजे के बीच कम दबाव से पानी मिलेगा। वहीं, प्रभात कॉलोनी, टी. पी. एस.-3, अग्रिपाड़ा, कलिना, सी. एस. टी. मार्ग, हंसभुगरा मार्ग, विद्यापीठ, सी. एस. टी. रोड के दक्षिण की ओर, यशवंत नगर, सुंदर नगर, कोलिवरी गाँव,
बांद्रा, खार -पूर्व स्थित तीन बंगला, शांतिलाल कंपाउंड, पटेल कंपाउंड, गोलीबार रोड, खार सबवे से खेरवाड़ी, नवपाड़ा, बेहराम नगर, अनंत कानेकर. मार्ग, गवर्नमेंट कॉलोनी जैसे विस्तृत इलाकों में मंगलवार, 23 दिसंबर से गुरुवार तक तड़के 03:30 से सुबह 09:00 बजे के बीच कम दबाव से पानी की आपूर्ति की जाएगी अर्थात इन क्षेत्रों में नियमित जल आपूर्ति का समय आधी रात से लेकर सुबह तक होगा।
मेट्रो प्रोजेक्ट के चलते लिया गया ब्लॉक एमएमआरडीए की मेट्रो लाइन 7-ए परियोजना के लिए 2400 मिमी व्यास वाली ‘अपर वैतरणा’ मुख्य जलवाहिनी के एक हिस्से को डायवर्ट किया गया है। अब इस मोड़े गए हिस्से को मुख्य लाइन से जोड़ने (क्रॉस कनेक्शन) का काम बीएमसी द्वारा किया जाना है। यह तकनीकी कार्य 22 दिसंबर सुबह 10 बजे से शुरू होकर 26 दिसंबर दोपहर 1 बजे तक चलेगा।
ऐसी होगी अन्य प्रभावित वार्डों की स्थिति
जी उत्तर विभाग: धारावी के विभिन्न मार्ग (जस्मिन मील रोड, माटुंगा लेबर कैंप, 60 फीट रोड, आदि) में सुबह और शाम दोनों पालियों में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी।
के पूर्व विभाग: कबीर नगर, बामनवाड़ा, एयरपोर्ट क्षेत्र, कोलडोंगरी और मोगरापाड़ा जैसे इलाकों में भी तय समय के दौरान कम दबाव से पानी मिलेगा।
नागरिकों से अपील
बीएमसी ने अपील की है कि प्रभावित क्षेत्रों के नागरिक मरम्मत कार्य से पहले ही पानी का आवश्यक स्टॉक जमा कर लें। कटौती के दिनों में पानी का उपयोग मितव्ययिता (किफायत) से करें। साथ ही, एहतियात के तौर पर पानी को उबालकर और छानकर पीने की सलाह दी गई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version