मुंबई. महाराष्ट्र की 246 नगर पालिकाओं और 18 नगर पंचायतों के लिए 2 दिसंबर को मतदान होने हैं लेकिन राज्य की सत्तारूढ़ महायुति में गठबंधन को लेकर अभी भी भ्रम की स्थिति है. सातारा जिले में युति की चर्चा के संबंध में उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना के नेता तथा महायुति सरकार में मंत्री शंभुराज देसाई ने बड़ा बयान दिया है. देसाई ने शनिवार को कहा कि हम राज्य में निकाय चुनाव की पृष्ठभूमि में युति के लिए सकारात्मक हैं लेकिन अभी तक बीजेपी की ओर से इस संदर्भ में कोई प्रस्ताव नहीं मिला है.
स्थानीय निकाय चुनावों की पृष्ठभूमि में सभी राजनीतिक दलों ने अपने स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है. बैठकों का दौर चल रहा है. लेकिन महायुति में शामिल सभी घटक दल इस चुनाव में एक साथ लड़ेंगे या अलग-अलग इस पर असमंजस बना हुआ है. इसी पृष्ठभूमि में सातारा में एक बैठक के बाद जिले के पालक मंत्री देसाई ने कहा कि हम सकारात्मक हैं, लेकिन भाजपा की ओर से अभी तक कोई निमंत्रण नहीं मिला है.
गठबंधन बनाने के हमारे प्रयास शुरू हैं
भाजपा जिला अध्यक्ष अतुल भोसले ने कहा कि सहयोगी दलों को गठबंधन बनाने के लिए आमंत्रित किया गया है. लेकिन अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है. इस पर बोलते मंत्री शंभूराज देसाई ने कहा कि चुनावों के सिलसिले में पिछले सप्ताह जिले में महायुति में शामिल तीनों दलों की एक बैठक हुई थी. बैठक में बीजेपी के सातारा जिले के अध्यक्ष अतुल भोसले, मैं स्वयं, सांसद नितिन पाटिल और विधायक महेश शिंदे मौजूद थे. लेकिन बीजेपी के दोनों मंत्रियों के अनुपस्थित रहने के कारण जिला अध्यक्ष ने कहा था कि बाद में फिर से बैठक बुलाई जाएगी. उसके बाद हमें अगली बैठक के लिए अभी तक निमंत्रण नहीं मिला है. देसाई ने कहा कि गठबंधन बनाने के हमारे प्रयास जारी हैं. हमारी तैयारी चल रही हैं. हमने स्थानीय पदाधिकारियों को प्रारंभिक चर्चा करने का निर्देश दिया है. सीटों को लेकर अभी तक कोई चर्चा नहीं हुई है.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version