मुंबई : मुंबई क्राइम ब्रांच की क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट (सीआईयू) और कक्ष-5 की संयुक्त टीम ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में हुए बमबारी मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को बोरीवली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी घटना के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए पश्चिम बंगाल से भागकर मुंबई पहुंचे थे।
आश्रम-मंदिर के पास बमबारी से तनाव
पश्चिम बंगाल के बेरहामपुर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में 14 मई को एक आश्रम और मां दुर्गा मंदिर के पास बम फेंके जाने की घटना सामने आई थी। पुलिस के अनुसार, विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद इलाके में तनाव का माहौल था। आरोप है कि रात करीब 10:45 बजे कुछ लोगों ने आश्रम के सामने खुले मैदान में सॉकेट बम फेंके, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। इस मामले में बेरहामपुर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
फोटो फाड़ने की घटना के बाद बढ़ा विवाद
जांच के दौरान सामने आया कि 12 मई को आश्रम के पास बिजली के खंभे पर लगे कुछ फोटो फाड़ दिए गए थे, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। शिकायतकर्ता पशुपतिनाथ साहा ने आरोप लगाया कि 14 मई की सुबह कुछ आरोपी मोटरसाइकिल पर उनकी दुकान के बाहर पहुंचे और पुलिस में शिकायत करने पर दोबारा बमबारी की धमकी दी। एफआईआर दर्ज होने के बाद पश्चिम बंगाल पुलिस ने जांच शुरू की, लेकिन आरोपी अपने घर छोड़कर फरार हो गए थे।
गीतांजलि एक्सप्रेस से पहुंचे मुंबई
मुंबई क्राइम ब्रांच को 16 मई को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि मामले के आरोपी कोलकाता से गीतांजलि एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होकर मुंबई के लिए रवाना हुए हैं। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट और कक्ष-5 की संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस ने दादर से लेकर बोरीवली रेलवे स्टेशन तक निगरानी और जाल बिछाया। तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर दोनों संदिग्धों को बोरीवली रेलवे स्टेशन के पास से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों का बमबारी मामले में शामिल होना सामने आया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर पश्चिम बंगाल पुलिस को सौंपा जाएगा
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय रॉकी खान और 35 वर्षीय शाहदत सरकार के रूप में हुई है। दोनों मुर्शिदाबाद जिले के बेरहामपुर इलाके के रहने वाले हैं। रॉकी खान पेशे से ड्राइवर बताया गया है, जबकि शाहदत सरकार मजदूरी का काम करता है। फिलहाल पश्चिम बंगाल पुलिस की विशेष टीम मुंबई पहुंच गई है और दोनों आरोपियों को अपनी हिरासत में ले लिया है। 17 मई को दोनों को मुंबई के किला कोर्ट स्थित अवकाशकालीन अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने ट्रांजिट रिमांड मंजूर कर दी।
मुंबई क्राइम ब्रांच टीम की सतर्कता से मिली सफलता
यह कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, संयुक्त पुलिस आयुक्त (क्राइम) अनिल कुंभारे और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (क्राइम) शैलेश बलकवडे के मार्गदर्शन में की गई। ऑपरेशन को पुलिस उपायुक्त राज तिलक रोशन, सहायक पुलिस आयुक्त सदानंद राणे तथा क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट और कक्ष-5 की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution

