साउथ अफ्रीका के खिलाफ रांची में खेले गए पहले वनडे को भारत ने 17 रनों से जीत लिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए विराट कोहली (135), कप्तान केएल राहुल (60) और रोहित शर्मा (57) की शानदार पारियों के दम पर 50 ओवरों में आठ विकेट खोकर 349 रन बनाए थे। लेकिन टीम इंडिया द्वारा दिए गए 350 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरे दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज 49.2 ओवरों 332 रन ही बना सके।
खराब रही शुरुआत
दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही। प्रोटियाज की आधी टीम महज 130 रनों पर पवेलियन लौट गई थी। इससे ऐसा लगने लगा था कि टीम इंडिया ये मुकाबला आसानी से जीत जाएगी। लेकिन साउथ अफ्रीका के पुछल्ले बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों की नाक में दम कर दिया। इससे भारतीय फैंस की धड़कनें को कुछ समय के लिए बढ़ा दिया। इस मैच में साउथ अफ्रीका की तरफ से पहले मैथ्यू ब्रीट्जके और मार्को यानसेन ने 97 रनों की तेज तर्रार पार्टनरशिप पर मैच में अपनी टीम की वापसी कराई। उनके खेल खेल से केएल राहुल की अगुवाई वाली टीम के चेहरे पर टेंशन साफतौर से जाहिर हो रही थी। हालांकि, स्टार स्पिनर कुलदीप यादव ने दोनों को एक ही ओवर में जाल में फंसाया और भारत को राहत की सांस दिलाई।
कुलदीप ने एक ओवर में पलटा मैच
मैथ्यू ब्रीट्जके और मार्को यानसेन तेजी से लक्ष्य की तरफ बढ़ रहे थे। हर ओवर में चौकों-छक्कों की बरसात हो रही थी। टीम इंडिया को एक विकेट की तलाश थी और कुलदीप यादव ने ये काम किया। 34वें ओवर की पहली गेंद पर चाइनामैन स्पिनर ने पहले मार्को यानसेन को जाल में फंसाया और फिर तीसरी गेंद पर ब्रीट्जके को भी पवेलियन भेजकर साउथ अफ्रीका को एक ओवर में डबल झटका दिया।
फिर भी मैच में रोमांच कायम रहा
7वें नंबर पर बैटिंग करने उतरे मार्को यानसेन 39 गेंदों पर 70 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन उनके बाद यानी नंबर-8 पर बल्लेबाजी करने आए कॉर्बिन बॉश ने भी टीम इंडिया के होश उड़ा दिए। उन्होंने अंत तक लड़ाई जारी रखी और ऐसा लगा कि भारत के जबड़े से जीत छीन लेंगे। आखिरी ओवर में कॉर्बिन बॉश 51 गेंदों पर 67 रनों की दिल जीतने वाली पारी खेलकर आउट हुए। टीम इंडिया ने रोमांचक मुकाबले में 17 रनों से जीत हासिल की। भारत के लिए कुलदीप यादव ने चार विकेट लिए और हर्षित राणा ने तीन विकेट अपने नाम किए। इस जीत के साथ ही भारत ने तीन मैचों की सीरीज़ में 1-0 की बढ़त बना ली। दूसरा मैच बुधवार, 3 दिसंबर को रायपुर मे खेला जाएगा।


कोहली-रोहित की जोड़ी चमकी
पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। यशस्वी जायसवाल चौथे ओवर की पहली बॉल पर अपना विकेट गंवा बैठे। हालांकि, इसके बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली ने एक शानदार पार्टनरशिप की। दोनों ने साउथ अफ्रीकी बॉलर्स को बैकफुट पर धकेल दिया। उन्होंने 136 रन की पार्टनरशिप की। रोहित शर्मा 57 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, इस हाफ सेंचुरी इनिंग के दौरान रोहित ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। अब उनके नाम ODI में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। उन्होंने पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी को पीछे छोड़ दिया। रोहित के आउट होने के बाद कोहली शांत रहे और 135 रन बनाए। कोहली का विकेट 43वें ओवर में गिरा। कोहली ने अपनी पारी में 11 चौके और 7 छक्के लगाए। फिर केएल राहुल ने 60 रन बनाए, जिससे भारत 349 तक पहुंचा। यह बड़ा स्कोर बहुत ज़रूरी था क्योंकि रांची में देर शाम भारी ओस थी, जिससे बड़ा टोटल बनाना ज़रूरी था।

हर्षित राणा की जादुई शुरुआत

जब साउथ अफ्रीका 350 रन का जवाब देने उतरी, तो हर्षित राणा ने पारी का दूसरा ओवर फेंका, जो उनका पहला ओवर था। उन्होंने इस ओवर में साउथ अफ्रीका को दो बड़े झटके दिए। रयान रिकेल्टन और क्विंटन डी कॉक ने अपने विकेट गंवा दिए। हर्षित ने साउथ अफ्रीका को अच्छी शुरुआत करने से रोक दिया। फिर अर्शदीप ने 5वें ओवर में मार्करम को आउट किया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version