शिवड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
मुंबई: शिवड़ी इलाके में एटीएम कार्ड फंसाकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का शिवड़ी पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने बिहार और झारखंड से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह घटना 24 दिसंबर 2025 को शाम करीब 5 बजे की है। दारूखाना, शिवड़ी स्थित उडुपी होटल के पास रहनेवाले शिकायतकर्ता आलम लियाकत अली खान (46) एक्सिस बैंक के एटीएम से पैसे निकालने गए थे। इसी दौरान उनका एटीएम कार्ड मशीन के स्लॉट में फंस गया।
हेल्पलाइन के नाम पर किया गया झांसा
कार्ड फंसने के बाद शिकायतकर्ता ने एटीएम पर लगे हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया। फोन उठाने वाले व्यक्ति ने उन्हें बताया कि कार्ड निकालने के लिए एक कर्मचारी भायखला के मसीना अस्पताल के पास मौजूद है और उन्हें वहां आने को कहा। शिकायतकर्ता बताए गए स्थान पर पहुंचे, लेकिन काफी देर इंतजार के बाद भी कोई कर्मचारी नहीं आया। दोबारा संपर्क करने पर उन्हें बताया गया कि कर्मचारी उपलब्ध नहीं है।
कार्ड से 89 हजार की ठगी
इसके बाद शिकायतकर्ता ने अगले दिन अपना कार्ड ब्लॉक कर नया कार्ड बनवाया। तभी उन्हें पता चला कि उनके फंसे हुए एटीएम कार्ड का इस्तेमाल कर किसी अज्ञात व्यक्ति ने 8 ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 89,797 रुपए निकाल लिए। इस शिकायत के आधार पर शिवड़ी पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66(सी) व 66(डी) के तहत मामला दर्ज किया गया।
तकनीकी जांच से मिला सुराग
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाके की जांच की। तकनीकी विश्लेषण और विश्वसनीय मुखबिर की जानकारी के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने एटीएम कार्ड से नकद रकम निकालने के अलावा भायखला के एक दुकान से ट्रैवल बैग, जूते और ड्राईफ्रूट्स भी खरीदे थे।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वे इस प्रकार हैं:
अनंत कुमार नागेश्वर महतो (27) – जिला गया, बिहार
अजीत कुमार प्रमोद सिंह (27) – जिला गया, बिहार
गोपाल कुमार दिनेश सिंह (32) – सरायकेला, झारखंड (ऑटो ड्राइवर)
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार इस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके संभावित अन्य अपराधों की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, सह आयुक्त सत्यनारायण चौधरी, अपर आयुक्त अभिनव देशमुख, पुलिस उपायुक्त विजयकांत सागर और सहायक पुलिस आयुक्त विश्वनाथ कोलेकर के मार्गदर्शन में की गई। शिवड़ी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रोहित खोत के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक अनिल देवळे, उपनिरीक्षक सागर काळेकर, राहुल शिंदे (सायबर अधिकारी) सहित पुलिस टीम ने यह कार्रवाई सफलतापूर्वक अंजाम दी।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
