मुंबई: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) भविष्य के परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम बनने जा रही है और महाराष्ट्र इस क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि AI तकनीक को जीवन के हर क्षेत्र में अपनाने की जरूरत है और मुंबई टेक वीक जैसे आयोजन युवाओं को नई तकनीकी संभावनाओं से जोड़ने का काम करेंगे।
29 और 30 मई को होगा आयोजन
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सह्याद्री अतिथिगृह में ‘मुंबई टेक वीक 2026’ की औपचारिक घोषणा की। यह कार्यक्रम 29 और 30 मई को जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया जाएगा। टेक एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन ऑफ मुंबई (TEAM) की ओर से महाराष्ट्र सरकार, आईडीएफसी बैंक और मेटा के सहयोग से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान ‘मुंबई टेक वीक’ के लोगो का भी अनावरण किया गया।
दुनिया की दिग्गज एआई कंपनियां होंगी शामिल
“इंडिया : AI इन एक्शन” थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में AI तकनीक के वास्तविक उपयोग और उसके प्रभाव का प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें ओपनएआई, मेटा, एंथ्रॉपिक, गूगल क्लाउड और नेसा जैसी वैश्विक कंपनियां हिस्सा लेंगी। कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक डेवलपर्स, स्टार्टअप्स और तकनीक प्रेमियों की उपस्थिति रहने की संभावना है।
प्रशासन में भी AI का बढ़ रहा उपयोग
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार विभिन्न विभागों में AI तकनीक का उपयोग कर रही है, जिससे प्रशासन अधिक सक्षम और प्रभावी बन रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार इस तकनीकी परिवर्तन में सबसे बड़े भागीदार के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रही है। उन्होंने सुझाव दिया कि मुंबई टेक वीक में राज्य सरकार की AI आधारित परियोजनाओं का अनुभवात्मक प्रदर्शन भी किया जाए, ताकि आम लोगों तक तकनीक की पहुंच बढ़ सके।
युवाओं को मिलेंगी वैश्विक अवसरों की नई राहें
फडणवीस ने कहा कि TEAM के साथ अधिक संख्या में युवा और तकनीकी पेशेवर जुड़ रहे हैं, जो सकारात्मक संकेत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि महाराष्ट्र सरकार AI नवाचार और उद्योग विकास के लिए हर संभव सहयोग देती रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार का मुंबई टेक वीक अधिक भव्य और प्रभावशाली होगा तथा इससे राज्य के युवाओं को वैश्विक स्तर पर अवसर प्राप्त होंगे।
रोजगार और स्टार्टअप्स पर रहेगा विशेष फोकस
TEAM के सह-अध्यक्ष और गवर्निंग काउंसिल सदस्य हर्ष जैन ने बताया कि मुंबई टेक वीक 2026 केवल चर्चा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह दिखाएगा कि AI किस तरह उद्योगों को बदल रहा है और नई आर्थिक संभावनाएं पैदा कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में AI एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2026, अर्ली स्टेज स्टार्टअप शोकेस और AI आधारित जॉब फेयर का भी आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जॉब फेयर में 25 से अधिक कंपनियां भर्ती प्रक्रिया चलाएंगी और 30 हजार से ज्यादा उम्मीदवारों के लिए 250 से अधिक रोजगार अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा मास्टरक्लास और ‘स्टोरीज अनप्लग्ड’ सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
मुंबई में होंगे 14 सैटेलाइट इवेंट्स
मुख्य कार्यक्रम से पहले मुंबई शहर में 14 सैटेलाइट इवेंट्स आयोजित किए जाएंगे, ताकि तकनीकी पारिस्थितिकी तंत्र से जुड़े अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। आयोजकों का कहना है कि महाराष्ट्र सरकार के सहयोग से यह आयोजन राज्य की AI अर्थव्यवस्था के लिए ऐतिहासिक साबित हो सकता है।
TEAM तकनीकी पारिस्थितिकी तंत्र को दे रही मजबूती
टेक एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन ऑफ मुंबई (TEAM) एक स्वतंत्र गैर-लाभकारी उद्योग संगठन है, जो मुंबई की तकनीकी पारिस्थितिकी को मजबूत करने के लिए कार्य कर रहा है। संगठन में हर्ष जैन, आकृत वैश, नैव्या साग्गी, ध्रुविल संघवी, आकांक्षा हजारी, विशाल गोंडल, मयंक कुमार और विवेक खेमानी जैसे उद्योग जगत के प्रमुख नाम शामिल हैं। TEAM संस्थापकों, निवेशकों और नीति निर्माताओं के साथ मिलकर मुंबई को भारत का अग्रणी तकनीकी और AI नवाचार केंद्र बनाने की दिशा में काम कर रहा है।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
