मुंबई : बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) के बांद्रा पश्चिम (Bandra West) स्थित बंगले ‘मन्नत’ (Mannat) में आपस में लिपटे दो सांपों को घूमते देखे जाने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सर्प मित्र विक्की दुबे (Vicky Dubey) मौके पर पहुंचे और एक करीब आठ फुट लंबे धामण (Indian Rat Snake) को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर वन विभाग की गाइडलाइन के अनुसार उसके प्राकृतिक वास में मुक्त कर दिया।
सीढ़ी के नीचे मिला सांप
मन्नत के आंगन में एक सीढ़ी के नीचे धामण प्रजाति का विष रहित सांप डरा हुआ बैठा मिला। विक्की दुबे (Vicky Dubey) ने सावधानीपूर्वक उसे रेस्क्यू किया। इस दौरान दूसरा सांप लोगों की चहल-पहल देखकर मौके से भाग गया।

वन विभाग को दी सूचना
रेस्क्यू के लिए मन्नत पहुंचने के बाद विक्की दुबे (Vicky Dubey) ने वन विभाग (Forest Department) के राउंड ऑफिसर दीपक दादा गायकवाड़ (Deepak Dada Gaikwad) और मुंबई रेंज ऑफिस, ठाणे (Mumbai Range Office, Thane) के कंट्रोल रूम को भी सूचना दी। करीब आठ फुट लंबे गैर-विषैले सांप के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद सुरक्षा रक्षकों और घर के सदस्यों ने राहत की सांस ली।
देर रात तक दूसरे सांप की तलाश
दूसरे सांप की तलाश देर रात तक जारी रही, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। रेस्क्यू किए गए धामण (Indian Rat Snake) को वन विभाग (Forest Department) की गाइडलाइन के अनुसार उसके प्राकृतिक वास में सुरक्षित रूप से मुक्त कर दिया गया।
