मुंबई : बोरीवली वेस्ट (Borivali West) स्थित गोराई-मनोरी (Gorai-Manori) तट के पास फंसे विदेशी झंडे वाले संदिग्ध जहाज ‘अल जफजिया’ (Al Jafziya) पर तांबा चुराने गए गिरोह के चार सदस्यों की जहरीली गैस की चपेट में आने और विस्फोट से मौत हो गई।
तेज हवाओं और भारी बारिश की वजह से लगभग चार महीने पहले यह जहाज मनोरी बीच (Manori Beach) के पास आकर फंस गया था। शुरुआती जांच के अनुसार, पिछले दो-तीन महीनों से चोरों का गिरोह इस असहाय खड़े जहाज को लगातार निशाना बना रहा था। आरोपी पहले भी दो बार तांबे के तार और भारी पाइप चुराकर कबाड़ व्यापारियों को करीब 8 लाख रुपये में बेच चुके थे।
गैस पाइपलाइन काटने के दौरान हुआ भीषण हादसा
तीन दिन पहले आठ सदस्यों का एक गिरोह स्पीडबोट के जरिए जहाज के पास पहुंचा था। एक सदस्य नाव पर ही रुका, जबकि सात आरोपी जहाज पर चढ़ गए। इनमें से चार लोग तांबे के तार और पाइप काटने के लिए कटर लेकर जहाज के अंदरूनी हिस्सों में दाखिल हुए। पाइप काटने के दौरान अचानक जहरीली गैस लीक हुई, जिससे विस्फोट हो गया और चारों की मौके पर ही दम घुटने व जलने से मौत हो गई।
पुलिस और नौसेना का संयुक्त बचाव अभियान
घटना के बाद एक साथी ने पुलिस स्टेशन पहुंचकर मामले की जानकारी दी। इसके बाद गोराई पुलिस (Gorai Police) ने मर्चेंट नेवी (Merchant Navy) और भारतीय नौसेना (Indian Navy) के साथ मिलकर एक संयुक्त बचाव अभियान चलाया। बुधवार को सर्च टीमों ने जहाज के अंदर से चारों शवों को बरामद कर लिया।
तीन आरोपी गिरफ्तार और मालिक की तलाश जारी
पुलिस उपायुक्त (Zone 11) संदीप घुगे (Sandeep Ghuge) के अनुसार मामले में सात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिनमें से तीन बचे हुए सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस कबाड़ कारोबारियों की तलाश करने के साथ-साथ विदेश में फरार जहाज के मालिक की खोज कर रही है। साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि क्या जहाज का इस्तेमाल अवैध तेल गतिविधियों के लिए किया जा रहा था।
मुंबई तट पर फंसे जहाज ‘अल जफजिया’ में चोरी का प्रयास पड़ा भारी : जहरीली गैस से 4 की मौत
Article Top Ad
Article Inline Ad
Article Bottom Ad