मुंबई : मराठी फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री प्रिया बापट ने हाल ही में एक इंटरव्यू में अपने करियर से जुड़ा ऐसा अनुभव साझा किया, जिसने सभी को चौंका दिया। अभिनय और फिटनेस को लेकर खुलकर बात करने वाली प्रिया ने पहली बार बताया कि अपने पहले हिंदी फिल्म के दौरान उन्हें बेहद असहज स्थिति का सामना करना पड़ा था।
फिल्मफेयर को दिए गए इंटरव्यू में प्रिया बापट के साथ सई ताम्हणकर, अमृता खानविलकर और सोनाली कुलकर्णी भी मौजूद थीं। बातचीत के दौरान सभी अभिनेत्रियों ने अपने अच्छे और बुरे अनुभव साझा किए। इसी दौरान प्रिया ने अपने पहले हिंदी प्रोजेक्ट से जुड़ा एक दर्दनाक अनुभव सामने रखा।
“सीन खत्म हुआ, लेकिन वह किस करता रहा”
प्रिया ने बताया कि मराठी इंडस्ट्री में उनके साथ कभी ऐसा अनुभव नहीं हुआ था, लेकिन हिंदी फिल्म की शूटिंग के दौरान एक अभिनेता ने उन्हें असहज महसूस कराया। उन्होंने अभिनेता का नाम लेने से इनकार किया, लेकिन कहा कि फिल्म में केवल एक किसिंग सीन था और वह इस सीन को लेकर शुरुआत से ही असमंजस में थीं। प्रिया के मुताबिक, उन्होंने निर्देशक से कई बार पूछा था कि क्या यह सीन वास्तव में जरूरी है। निर्देशक के जोर देने पर उन्होंने सीन के लिए हामी भरी। लेकिन शूटिंग के दौरान स्थिति नियंत्रण से बाहर चली गई।
प्रिया ने कहा, “मैंने सिर्फ एक किसिंग सीन के लिए हामी भरी थी, लेकिन सीन खत्म होने के बाद भी वह अभिनेता मुझे किस करता रहा। उस समय मैं खुद के लिए मजबूती से आवाज नहीं उठा सकी।”
लगातार मैसेज और निजी मुलाकात की कोशिशें
अभिनेत्री ने बताया कि शूटिंग के दौरान वह और सह-कलाकार एक ही होटल में ठहरे हुए थे। कमरे अलग-अलग थे, लेकिन अभिनेता लगातार उन्हें मैसेज कर रहा था। वह डिनर पर चलने, मिलने और यहां तक कि स्विमिंग सिखाने के बहाने बुलाने की कोशिश करता था।
प्रिया ने कहा कि उस समय उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि इस माहौल में कैसे प्रतिक्रिया दी जाए। यह पूरा शूट भोपाल में हो रहा था और वह रोज अपने पति उमेश कामत से फोन पर बात करती थीं।
तब उमेश कामत पहुंचे भोपाल
प्रिया ने खुलासा किया कि उन्होंने और उनके पति उमेश कामत ने पहले से तय किया था कि वे कभी एक-दूसरे के शूटिंग सेट पर नहीं जाएंगे। लेकिन यह पहला मौका था जब उमेश उनके लिए सीधे मुंबई से भोपाल पहुंचे। उन्होंने कहा, “मैंने उमेश को कुछ भी नहीं बताया था, लेकिन वह तीन दिन तक मेरे साथ भोपाल में रहे। शायद उन्हें एहसास हो गया था कि मैं किसी परेशानी में हूं।”
“उसका हर स्पर्श गलत लगता था”
प्रिया बापट ने बताया कि बाद में उस अभिनेता ने उनके साथ और भी सीन करने की इच्छा जताई। हालांकि सीन सामान्य थे, जिनमें सिर्फ गले लगना जैसी चीजें शामिल थीं, लेकिन अभिनेत्री को उसका व्यवहार और स्पर्श गलत महसूस होता था। उन्होंने कहा, “सीन में सिर्फ हग करना था, लेकिन उसका हर स्पर्श मुझे गलत लगता था।”
सई ताम्हणकर को भी किया था सावधान
प्रिया ने इंटरव्यू में यह भी बताया कि बाद में जब उन्हें पता चला कि अभिनेत्री सई ताम्हणकर भी उसी अभिनेता के साथ काम करने वाली हैं, तो उन्होंने तुरंत सई को फोन कर सावधान रहने की सलाह दी।
प्रिया बापट का यह खुलासा फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाली अभिनेत्रियों के सामने आने वाली चुनौतियों और असहज परिस्थितियों को फिर से चर्चा में ले आया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version