शेयर बाजार में 2 से 5 फीसदी मासिक मुनाफे का झांसा देकर निवेशकों से ठगी
मुंबई : मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने Investok ऐप के जरिए शेयर बाजार में हर महीने 2 से 5 फीसदी मुनाफे का लालच देकर 30 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 42 निवेशकों से करोड़ों रुपये की अवैध जमा योजना (पोंजी स्कीम) के जरिए धोखाधड़ी की थी।
42 निवेशकों से 30.26 करोड़ रुपये की ठगी
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने Investok ऐप के माध्यम से शेयर बाजार में निश्चित मासिक मुनाफे का वादा किया। इस झांसे में शिकायतकर्ता, उनके परिवार के सदस्य और अन्य निवेशक आ गए। आरोपी ने कुल 42 निवेशकों से 30,26,05,478 रुपये की ठगी की।
पहचान बदलकर छिपा था आरोपी
जांच में पता चला कि आरोपी अपना नाम बदलकर अलग-अलग जगहों पर रह रहा था। मामला दर्ज होने से पहले ही वह फरार हो गया था और अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। इससे उसकी तलाश करना पुलिस के लिए चुनौती बन गया था।
सूरत से गिरफ्तार, 1.65 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त
मुंबई EOW की टीम ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी का पता गुजरात के सूरत स्थित डुमास क्षेत्र में लगाया। स्थानीय पुलिस की मदद से उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 1.65 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति भी जब्त की है।
निवेशकों से संपर्क करने की अपील
मुंबई आर्थिक अपराध शाखा ने अपील की है कि अधिक मुनाफे का लालच देने वाली पोंजी योजनाओं में निवेश करने से पहले उनकी वैधता, कानूनी पंजीकरण और आवश्यक RBI अनुमति की जांच जरूर करें। जिन लोगों के साथ इस योजना में निवेश के नाम पर ठगी हुई है, वे अपने निवेश से जुड़े दस्तावेज लेकर मुंबई आर्थिक अपराध शाखा से संपर्क करें।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version