मुंबई : महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ‘मिसिंग लिंक’ (Missing Link) परियोजना के पास हुए भूस्खलन के कारण मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे (Mumbai-Pune Expressway) के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। कई स्थानों पर जलभराव, सड़कें बंद और रेल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। इसी तरह राज्य के अन्य हिस्सों में बारिश से जुड़े हादसों में 10 से अधिक लोगों की मौत की खबर है।
रेल सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित
कर्जत (Karjat) और लोनावला (Lonavala) के बीच ठाकुरवाड़ी (Thakurwadi) तथा मंकी हिल लूप केबिन (Monkey Hill Loop Cabin) के पास भूस्खलन से रेल यातायात प्रभावित हुआ। कई एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द कर दी गईं, जबकि कई लंबी दूरी की ट्रेनों का मार्ग बदला गया। कर्जत-खोपोली (Karjat-Khopoli) लोकल सेवा भी अस्थायी रूप से बंद कर दी गई।
मुंबई की लोकल सेवाएं हुईं लेट
भारी बारिश के कारण पश्चिम, मध्य और हार्बर लाइन की लोकल ट्रेनें 15 से 25 मिनट की देरी से चलीं। नालासोपारा (Nalasopara) स्टेशन के पास पटरियों पर पानी भरने से ट्रेनों का संचालन सबसे अधिक प्रभावित रहा। कुछ लोकल ट्रेनों को फास्ट लाइन से चलाया गया।
मिसिंग लिंक पर बड़ा भूस्खलन
लगातार बारिश के कारण पुणे से मुंबई जाने वाली लेन पर टनल-2 (Tunnel-2) के एग्जिट के पास पहाड़ी का हिस्सा खिसक गया। इसके बाद प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर दोनों दिशाओं का यातायात रोक दिया। एक्सप्रेसवे पर कई किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई। राहत और मलबा हटाने का काम जारी है।
पुराना हाईवे भी बंद
भारी बारिश और पानी भरने के कारण पुराना मुंबई-पुणे हाईवे भी कई स्थानों पर बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही मार्ग खोला जाएगा।
दो महीने पहले शुरू हुई थी परियोजना
करीब 6,695 करोड़ रुपये की लागत से बनी मिसिंग लिंक (Missing Link) परियोजना का उद्घाटन 1 मई को किया गया था। इस परियोजना का उद्देश्य मुंबई और पुणे के बीच यात्रा को लगभग 6 किलोमीटर छोटा करना और करीब 30 मिनट का समय बचाना है। भूस्खलन के बाद परियोजना की गुणवत्ता को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल (Harshvardhan Sapkal) ने निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। हालांकि, इस पर सरकार की ओर से विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
बारिश से कई दर्दनाक हादसे
बारिश के दौरान चेंबूर (Chembur) में स्कूल बस पर पेड़ गिरने से 11 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। खारघर (Kharghar) के पांडवकड़ा वॉटरफॉल (Pandavkada Waterfall) में दो युवकों की जान चली गई। मीरा रोड-भायंदर (Mira Road-Bhayandar) में नारियल का पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई। वहीं मानखुर्द (Mankhurd) में एक बहुमंजिला चाल गिरने से छह लोगों की मौत हो गई।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, हाईवे और रेलवे की ताजा जानकारी देखकर ही सफर करने तथा मौसम विभाग और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version