मुंबई. दिल्ली के लालकिला परिसर में सोमवार को हुए बम धमाके के बाद मुंबई सहित पूरे देश की पुलिस एवं अन्य जांच एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई है. महाराष्ट्र में आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) राज्य में लगातार कार्रवाई कर रहा है. कुछ दिन पहले एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को हिरासत में लेने के बाद, अब एटीएस ने ठाणे के मुंब्रा इलाके से एक शिक्षक को हिरासत में लिया है. बताया जा रह है कि शिक्षक के खिलाफ यह कार्रवाई ‘जमात-ए-इस्लामिया’ नामक संगठन से कथित संबंध के संदेह में की गई है.
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले पुणे में महाराष्ट्र एटीएस ने छापा मारकर कुछ लोगों को गिरफ्तार किया था. पूछताछ में उक्त आरोपियों का मुंब्रा निवासी शिक्षक के साथ कनेक्शन सामने आया था. इसी जानकारी के आधार पर, महाराष्ट्र एटीएस ने मंगलवार को मुंब्रा के कौसा विभाग में रहने वाले शिक्षक के घर पर छापा मारा. एटीएस ने शिक्षक के घर से मोबाइल, कंप्यूटर और अन्य सामग्री जब्त की है. शिक्षक को हिरासत में लेकर मुंबई के कुर्ला स्थित उसके दूसरे आवास पर ले जाया गया है, जहाँ महाराष्ट्र एटीएस द्वारा आगे की जांच की जा रही है. चूँकि यह शिक्षक ‘जमात-ए-इस्लामिया’ संगठन से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है, इसलिए गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने पूछताछ के दौरान इसका नाम लिया था.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version