मुंबई. महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस बल में 16 हजार से अधिक रिक्त पदों को जल्द भरने की मांग उठी है. मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद वर्षा गायकवाड़ का कहना है कि पर्याप्त पुलिस बल के बिना राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखना कठिन होता जा रहा है.
सांसद वर्षा गायकवाड़ ने गुरुवार को मुंबई में कहा कि महाराष्ट्र पुलिस की अलग पहचान रही है, लेकिन वर्तमान में पुलिस बल पर काम का अत्यधिक दबाव है. उनके अनुसार, राज्य में 16 हजार से अधिक पद खाली होने से पुलिसकर्मियों पर 12 से 14 घंटे तक काम करने का बोझ पड़ रहा है, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो रही है.
महिलाओं की सुरक्षा और बढ़ते अपराध
वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि राज्य में अपराध और साइबर अपराध बढ़ रहे हैं. महिलाओं की सुरक्षा भी गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है. उन्होंने कहा कि पुलिस बल में पर्याप्त संख्या में कर्मी नहीं होने से सुरक्षा व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है.
सरकार से भर्ती तेज करने की मांग
सांसद ने मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस से पुलिस विभाग को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देने की अपील की. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस आधुनिकीकरण के दावे पर्याप्त नहीं हैं और सरकार को समयबद्ध कार्यक्रम बनाकर 16 हजार से अधिक रिक्त पदों पर जल्द भर्ती करनी चाहिए, ताकि पुलिस बल अधिक सक्षम बन सके.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version