राजस्थान की जीत ने बदला प्लेऑफ का समीकरण
रहाणे-अय्यर की टीमों का सपना टूटा सपना
मुंबई : आईपीएल 2026 के 69वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को उसी के घरेलू मैदान ‘वानखेड़े स्टेडियम’ में 30 रन से हराकर प्लेऑफ में धमाकेदार एंट्री कर ली। राजस्थान की इस जीत ने सिर्फ मुंबई का अभियान निराशाजनक अंदाज में खत्म नहीं किया, बल्कि मुंबईकर खिलाड़ियों अजिंक्य रहाणे की कोलकाता नाइट राइडर्स और श्रेयस अय्यर की पंजाब किंग्स की प्लेऑफ उम्मीदों पर भी पूरी तरह विराम लगा दिया।
राजस्थान ने खड़ा किया 205 रन का बड़ा स्कोर
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 205 रन बनाए। टीम की ओर से ध्रुव जुरेल ने सबसे ज्यादा 38 रन की पारी खेली। अंत के ओवरों में जोफ्रा आर्चर ने 15 गेंदों पर 32 रन और रविंद्र जडेजा ने 11 गेंदों में नाबाद 19 रन बनाकर टीम को 200 के पार पहुंचाया। यशस्वी जायसवाल ने 27 रन का योगदान दिया, जबकि अन्य बल्लेबाजों ने छोटी लेकिन उपयोगी पारियां खेलीं। मुंबई की ओर से दीपक चाहर और शार्दुल ठाकुर ने दो-दो विकेट लिए।
मुंबई की शुरुआत रही बेहद खराब
206 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। रोहित शर्मा खाता भी नहीं खोल सके, जबकि नमन धीर 6 और रियान रिकल्टन 12 रन बनाकर आउट हो गए। तिलक वर्मा भी सिर्फ 3 रन ही बना सके। मध्यक्रम में सूर्यकुमार यादव ने 42 गेंदों पर 60 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली। हार्दिक पंड्या ने 34 और विल जैक्स ने 33 रन बनाए, लेकिन कोई भी बल्लेबाज टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सका। मुंबई की पूरी टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 175 रन ही बना सकी।
जोफ्रा आर्चर बने जीत के हीरो
राजस्थान की ओर से जोफ्रा आर्चर ने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 32 रन बनाने के साथ 3 विकेट भी झटके और ‘मैन ऑफ द मैच’ चुने गए। नांद्रे बर्गर, ब्रिजेश शर्मा और यशराज पुंजा ने भी दो-दो विकेट लेकर मुंबई की बल्लेबाजी को दबाव में रखा।
राजस्थान सातवीं बार प्लेऑफ में
इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने लीग चरण का अपना आखिरी मुकाबला जीतकर प्लेऑफ का टिकट पक्का कर लिया। टीम आईपीएल इतिहास में सातवीं बार प्लेऑफ में पहुंची है। वहीं मुंबई इंडियंस अपने अभियान का अंत जीत के साथ करने में नाकाम रही। राजस्थान के खिलाफ यह मुंबई की इस सीजन की दूसरी हार और कुल दसवीं हार रही।
प्लेऑफ की चारों टीमें हुईं तय
राजस्थान की जीत के बाद आईपीएल 2026 के प्लेऑफ की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। गुजरात टाइटंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स ने अंतिम चार में जगह बनाई है। क्वालिफायर-1 में आरसीबी का मुकाबला गुजरात टाइटंस से होगा, जबकि एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स आमने-सामने होंगे।
वैभव सूर्यवंशी ने बनाया विश्व रिकॉर्ड
रविवार को वानखेड़े में वैभव बल्लेबाजी में ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सके और दीपक चाहर की गेंद पर 4 रन बनाकर आउट हो गए। लेकिन मुंबई के खिलाफ बल्ले से सिर्फ 4 रन बनाने वाले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने फिर भी इतिहास रच दिया। उन्होंने आईपीएल 2026 में अपने कुल रन 583 तक पहुंचाकर टी20 क्रिकेट में 20 साल से कम उम्र में किसी एक टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने देवदत्त पडिक्कल के 580 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। वैभव ने इस सीजन में 14 मैचों में 41.64 की औसत और 232.27 की विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 583 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से एक शतक और तीन अर्धशतक निकले हैं।
पकड़ा पहला आईपीएल कैच
वैभव सूर्यवंशी ने मुंबई के खिलाफ अपने आईपीएल करियर का पहला कैच भी लपका। उन्होंने चौथे ओवर में रियान रिकल्टन का शानदार कैच पकड़कर अपने फील्डिंग रिकॉर्ड का खाता खोला। अब तक उनकी फील्डिंग को लेकर सवाल उठते रहे थे, लेकिन इस मैच में उन्होंने वह कमी भी दूर कर दी।
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution

