फडणवीस के नेतृत्व में अमृतकाल योजना का पहला चरण
मुंबई. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के दूरदर्शी नेतृत्व और उपमुख्यमंत्रियों एकनाथ शिंदे तथा सुनेत्राताई पवार के मार्गदर्शन में राज्य के बुनियादी ढांचे को नई गति मिली है। इसी कड़ी में ‘विकसित महाराष्ट्र 2047’ के लक्ष्य को साकार करने हेतु लोक निर्माण विभाग ने ‘महाराष्ट्र अमृतकाल सड़क विकास योजना 2025-47’ के तहत 2,857 किलोमीटर सड़कों के उन्नयन के लिए 27,132 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी है। यह जानकारी लोक निर्माण मंत्री शिवेंद्रसिंहराजे भोसले ने दी।
ग्रोथ और टूरिज्म कॉरिडोर को मिलेगी मजबूती
इस योजना के तहत राज्य के औद्योगिक, कृषि, बंदरगाह, खनन और पर्यटन क्षेत्रों को बेहतर संपर्क मुहैया कराने के लिए ग्रोथ कॉरिडोर और टूरिज्म कॉरिडोर की अवधारणा को प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा। वर्तमान में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लगभग 19,000 किलोमीटर सड़कों का उन्नयन जारी है, जबकि ‘विकसित महाराष्ट्र 2047’ के पहले चरण में 6,000 किलोमीटर सड़कों का आधुनिकीकरण किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय बैंकों से मिला वित्तीय सहयोग
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए एशियन इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक (AIIB) और न्यू डेवलपमेंट बैंक (NDB) से 1 अरब अमेरिकी डॉलर का वित्तीय समर्थन प्राप्त हुआ है। यह वैश्विक स्तर का सहयोग राज्य के आधारभूत संरचना विकास को मजबूती प्रदान करेगा।
पर्यावरण और सुरक्षा पर विशेष ध्यान
यह योजना केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें वृक्षारोपण, जल पुनर्भरण, आधुनिक सुरक्षा उपाय और सामाजिक सुविधाएं भी शामिल हैं। मंत्री शिवेंद्रसिंहराजे भोसले ने कहा कि इस योजना से परिवहन व्यवस्था सुदृढ़ होगी, निवेश को बढ़ावा मिलेगा और महाराष्ट्र की आर्थिक-सामाजिक प्रगति को नई दिशा मिलेगी। यह परियोजना विकसित महाराष्ट्र की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version