मुंबई. पुणे स्थित नवले ब्रिज पर एक बार फिर से रफ्तार का कहर देखने को मिला. गुरुवार को यहां सातारा से मुंबई की ओर जा रहा एक कंटेनर तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित हो गया और करीब दर्जनभर वाहन इसकी चपेट में आ गए. नवले पुल पर शाम के व्यस्त समय हुए भीषण हादसे की वजह से दुर्घटनाग्रस्त हुई तीन कारण में भीषण आग लग गई, जिसमें झुलसने की वजह से 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 13 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं.
शाम करीब साढ़े 5 बजे नवले पुल पर सेल्फी पॉइंट के पास भारी सामान लेकर जा रहे कंटेनर का ब्रेक अचानक फेल हो गए, जिसके बाद उसने आगे चल रहे वाहनों को ज़ोरदार टक्कर मारना शुरू कर दिया. कंटेनर की टक्कर से कई वाहनों में आग लग गई. आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कम से कम तीन कारें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दो कंटेनरों के बीच एक कार बुरी तरह दब गई, जिसके चलते उसमें सवार यात्री बाहर नहीं निकल पाए और उनकी जलकर मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में चार पुरुष, दो महिलाएं और एक छोटी बच्ची शामिल है.
मदद के लिए चीखते रहे फंसे लोग
हादसे के बाद लगी भीषण आग में कई यात्री गाड़ी के अंदर ही फंस गए थे और वे मदद के लिए गुहार लगा रहे थे. हालांकि, आग की लपटें इतनी तेज़ी से फैलीं कि कोई भी उनकी मदद के लिए पास नहीं जा सका. दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही फंसे हुए यात्रियों की मौत हो गई.

राहत और बचाव कार्य जारी, यातायात बाधित
दुर्घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 8 गाड़ियां, सिंहगढ़ रोड पुलिस और यातायात पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. इस दुर्घटना के कारण मुंबई की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात बुरी तरह बाधित हुआ, जिसके चलते यातायात पुलिस को सतारा से मुंबई जाने वाली लेन को दो घंटे के लिए बंद करना पड़ा.

जाँच के आदेश:
पुलिस ने बताया कि =कंटेनर चालक ने शराब पी रखी थी या यह दुर्घटना वाहन पर नियंत्रण खोने की वजह से हुई, इसकी जाँच के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी. पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार और उपायुक्त संभाजी कदम सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने घटना स्थल का दौरा किया है.

मृतकों के वारिसों को 5 लाख की सहायता
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस दुखद दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के लिए 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version