हरारे : भारतीय अंडर-19 टीम ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए क्रिकेट जगत में अपनी बादशाहत कायम की है। आईसीसी पुरुष अंडर-19 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 100 रनों के भारी अंतर से शिकस्त देकर छठी बार विश्व विजेता का खिताब अपने नाम किया। भारत ने इससे पहले 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में यह गौरव हासिल किया था।
मैच के असली नायक रहे सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी। वैभव ने हरारे स्पोर्ट्स क्लब के मैदान पर इंग्लैंड के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। वैभव ने महज 80 गेंदों में 175 रनों की अविश्वसनीय पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 15 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। उनका स्ट्राइक रेट 218.75 का रहा।
बने कई कीर्तिमान
वैभव अंडर-19 विश्व कप फाइनल में सबसे तेज शतक लगाने वाले खिलाड़ी बने।
उन्मुक्त चंद (2012) और मनजोत कालरा (2018) के बाद फाइनल में शतक जड़ने वाले तीसरे भारतीय बने।
आईसीसी टूर्नामेंट के किसी भी फाइनल में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड (175 रन) अपने नाम किया, इससे पहले यह रिकॉर्ड ट्रेविस हेड (174 रन) के नाम था।
कप्तान आयुष और मध्यक्रम का साथ
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत धीमी रही। एरोन जॉर्ज (9) के जल्दी आउट होने के बाद कप्तान आयुष म्हात्रे ने मोर्चा संभाला। आयुष ने 51 गेंदों में 53 रनों की संयमित पारी खेलकर वैभव के साथ 142 रनों की साझेदारी की। अंत में अभिज्ञान कुंडू (40) और कनिष्क चौहान (37 नाबाद) के महत्वपूर्ण योगदान की बदौलत भारत ने 50 ओवरों में 411 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
आइसलैंड क्रिकेट की मजेदार टिप्पणी: “वैभव को गिरफ्तार करो!”
वैभव की इस आक्रामक बल्लेबाजी ने सोशल मीडिया पर भी हलचल मचा दी। अपनी मजाकिया टिप्पणियों के लिए प्रसिद्ध ‘आइसलैंड क्रिकेट बोर्ड’ ने एक्स (ट्विटर) पर लिखा, “कोई वैभव सूर्यवंशी को तुरंत गिरफ्तार करे! मैदान पर इंग्लिश गेंदबाजों के खिलाफ जो हिंसा हो रही है, वह एक्स-रेटेड है!” यह पोस्ट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।
फॉकनर का शतक बेकार
412 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने बेबस नजर आई। हालांकि, कैलेब फॉकनर ने 67 गेंदों में 115 रनों की साहसी पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से साथ नहीं मिला। पूरी इंग्लिश टीम 40.2 ओवरों में 312 रनों पर ढेर हो गई। भारत की ओर से गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ के साथ विकेट चटकाए और जीत सुनिश्चित की।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version