मुंबई: ठाणे जिले के कल्याण शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर प्रेमविवाह करने वाली अपनी ही नवविवाहित बेटी की धारदार हथियार से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी. यह सनसनीखेज वारदात कल्याण पश्चिम के पारनाका इलाके में स्थित रचना रॉयल इमारत में अंजाम दी गई. घटना के बाद इलाके में भारी तनाव और खलबली मच गई है.
सगाई तोड़कर किया था प्रेमविवाह
मृतका गायत्री वसईकर ने कुछ समय पहले अपने परिवार की इच्छा के विरुद्ध जाकर अपने बॉयफ्रेंड के साथ प्रेमविवाह किया था. गायत्री के पिता विनोद वसईकर इस शादी से बेहद नाराज थे क्योंकि उन्होंने पहले गायत्री के लिए कई रिश्ते देखे थे और उसकी सगाई भी तय कर दी थी. लेकिन गायत्री ने उस सगाई को तोड़कर अपनी पसंद के लड़के से शादी करने का फैसला किया, जिससे पिता के मन में गहरी कड़वाहट पैदा हो गई थी.
मायके आते ही हुआ खूनी विवाद
शादी के बाद गायत्री जब पहली बार अपने मायके आई, तो दोपहर के भोजन के बाद घर में पिता और बेटी के बीच प्रेमविवाह के मुद्दे को लेकर दोबारा बहस शुरू हो गई. पिता विनोद ने पुरानी नाराजगी जताते हुए कहा कि उसने उसकी मर्जी के बिना शादी की है और वह इस बात को भूले नहीं हैं. यह विवाद इतना विकराल हो गया कि गुस्से से तमतमाए विनोद ने धारदार हथियार से गायत्री पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
आरोपी पिता पुलिस की गिरफ्त में
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी विनोद वसईकर मौके से फरार हो गया था. घटना की सूचना मिलते ही बाजारपेठ पुलिस ने तुरंत विशेष टीम का गठन किया और तकनीकी जांच व गोपनीय सूचनाओं के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और उसे आज दोपहर कल्याण अदालत में पेश किया जाएगा.
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
