Hindi News / Featured / Maharashtra

BJP का अरबपति विधायक बना ‘एक दिन का भिखारी’

Article Top Ad

सुरक्षा, लग्जरी छोड़कर घाटकोपर की सड़कों पर मांगी भीख
जैन गुरु नम्रमुनि महाराज के सुझाव पर किया अनोखा प्रयोग

मुंबई. बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर (Anil Kapoor) फिल्म नायक में एक दिन का CM (मुख्यमंत्री) बने थे। ठीक उसी तर्ज पर महाराष्ट्र के सबसे अमीर विधायकों में शामिल भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) के घाटकोपर (पूर्व) विधायक पराग शाह (Parag Shah) ने अपनी करोड़ों की संपत्ति और राजनीतिक हैसियत को एक दिन के लिए त्याग कर भिखारी का रूप धारण किया था। 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के हलफनामे में 3,383 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति घोषित करने वाले शाह घाटकोपर (Ghatkopar) की सड़कों पर आम लोगों से पैसे मांगते नजर आए। उनका यह अनोखा प्रयोग अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
बदला पूरा हुलिया
पराग शाह ने इस अनुभव के दौरान अपनी सुरक्षा, गाड़ी और महंगी वस्तुओं को पीछे छोड़ दिया। मेकअप और पुराने कपड़ों की मदद से उन्होंने अपना हुलिया पूरी तरह बदल लिया। इसके बाद वे घाटकोपर की सड़कों और फुटपाथों पर पहुंचे और लोगों से मदद के तौर पर पैसे मांगे। खास बात यह रही कि भिखारी के वेश में मौजूद शाह को आसपास के लोग पहचान नहीं सके।
जैन गुरु के सुझाव पर प्रयोग
बताया गया कि यह प्रयोग जैन चातुर्मास के दौरान जैन आध्यात्मिक गुरु नम्रमुनि महाराज (Namramuni Maharaj) के सुझाव पर किया गया। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और दूसरों की मदद पर निर्भर लोगों की जिंदगी को करीब से समझना था। शाह ने वीआईपी संस्कृति, सुरक्षा घेरे और धन-दौलत की सुविधाओं से दूर रहकर यह अनुभव लेने की कोशिश की कि समाज के वंचित तबके के लोगों के साथ आम तौर पर कैसा व्यवहार होता है।
पहचान छिपाकर लोगों से मांगे पैसे
शाह ने फटे-पुराने कपड़े पहनकर दुकानों और सड़कों के किनारे बैठकर लोगों से पैसे मांगे। उन्होंने इस दौरान कई लोगों से बातचीत भी की। भेष बदलने के कारण किसी को यह अंदाजा नहीं हुआ कि उनके सामने बैठा व्यक्ति घाटकोपर का विधायक है।
मेकअप हटाकर फिर पहुंचे
प्रयोग के दूसरे चरण में शाह ने अपना मेकअप हटाया और उन्हीं स्थानों पर दोबारा पहुंचे, जहां वे पहले भिखारी के रूप में गए थे। उन्होंने कुछ ऐसे लोगों से भी मुलाकात की, जिनसे उन्होंने पहले मदद मांगी थी। शाह के अनुसार, इस अनुभव ने उन्हें समाज के कमजोर तबके की परेशानियों को अलग नजरिए से समझने और आत्मनिरीक्षण करने का अवसर दिया।
रियल एस्टेट कारोबारी भी हैं शाह
पराग शाह महाराष्ट्र के सबसे अमीर जनप्रतिनिधियों में शामिल हैं। वे रियल एस्टेट और निर्माण कारोबार से जुड़े हैं। 2024 के विधानसभा चुनाव के हलफनामे में उन्होंने 3,383 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति घोषित की थी। राजनीति में आने से पहले वे बृहन्मुंबई महानगरपालिका (Brihanmumbai Municipal Corporation) के पार्षद भी रह चुके हैं। घाटकोपर (पूर्व) से विधायक बनने के बाद भी उनका कारोबारी क्षेत्र से जुड़ाव बना हुआ है। उनके भिखारी के रूप में सड़क पर भीख मांगने का वीडियो सामने आने के बाद लोग उनके इस प्रयोग को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad