सिम कार्ड हासिल कर ई-मेल तक बनाई पहुंच
शेयर बेचकर खरीदे कम कीमत वाले शेयर
मुंबई. शेयर बाजार में निवेश करने वाले एक व्यक्ति का डिमैट खाता (Demat Account) हैक कर 4.58 करोड़ रुपये के शेयर बेचने और उसके बदले कम कीमत वाले शेयर खरीदकर ठगी करने के मामले में मुंबई पुलिस की दक्षिण विभाग साइबर अपराध शाखा (South Cyber Police Station, Crime Branch) ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2.86 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर तत्काल फ्रीज करा दिए थे।
सिम कार्ड के जरिए ई-मेल तक पहुंची आरोपी
पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच आरोपी ने शिकायतकर्ता के डिमैट खाते में बिना अनुमति प्रवेश किया। इसके बाद खाते से 4,58,34,579 रुपये के शेयर बेचकर 1,71,60,032 रुपये के कम कीमत वाले शेयर खरीद लिए. इस तरह शिकायतकर्ता के साथ धोखाधड़ी की गई।
जांच में सामने आया कि डिमैट खाते में प्रवेश के लिए जरूरी ओटीपी (OTP) शिकायतकर्ता के ई-मेल पर आता था। आरोपी महिला ने शिकायतकर्ता के ई-मेल खाते तक पहुंच बनाने के लिए उससे जुड़े मोबाइल नंबर का अवैध रूप से सिम कार्ड हासिल किया. इसके जरिए उसने ई-मेल और फिर डिमैट खाते तक पहुंच बनाकर वारदात को अंजाम दिया।
चार मामलों में पहले भी सामने आया नाम
पुलिस ने महिला आरोपी को 3 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया। उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में सांताक्रूज पुलिस थाने के दो, आजाद मैदान पुलिस थाने के एक और अंधेरी पुलिस थाने के एक मामले में भी उसकी गिरफ्तारी सामने आई है।

पुलिस की अपील
यह कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती (Deven Bharti) सहित वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नंदकुमार गोपाले (Nandkumar Gopale) के नेतृत्व में की गई।
पुलिस ने नागरिकों से अनजान मोबाइल नंबरों से आने वाले लिंक और ऐप के जरिए शेयर बाजार में लेनदेन नहीं करने तथा डिमैट खाते के पासवर्ड, ओटीपी और ई-मेल की जानकारी किसी से साझा नहीं करने की अपील की है। संदिग्ध लेनदेन होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने को कहा गया है।