Hindi News / Crime / Entertainment

सोनाक्षी सिन्हा मॉर्फ फोटो मामला : बांद्रा कोर्ट से आरोपी को बड़ी राहत

Article Top Ad

गिरफ्तारी प्रक्रिया को बताया गैरकानूनी
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

मुंबई.बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा (Sonakshi Sinha) की मॉर्फ की गई अश्लील तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में गिरफ्तार व्यक्ति को अदालत से बड़ी राहत मिली है। मुंबई की बांद्रा कोर्ट (Bandra Court) ने दिल्ली से गिरफ्तार आरोपी आर्यन दीपक जैन (Aryan Deepak Jain) की गिरफ्तारी प्रक्रिया को कानूनी नियमों के अनुरूप नहीं मानते हुए उसे रिहा करने का आदेश दिया। अदालत ने पुलिस को कानून के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने का निर्देश भी दिया।
सोनाक्षी की शिकायत पर हुई थी गिरफ्तारी
सोनाक्षी सिन्हा की शिकायत पर 13 नवंबर 2026 को बांद्रा पुलिस स्टेशन (Bandra Police Station) में मामला दर्ज किया गया था। आरोप था कि दिल्ली निवासी आर्यन दीपक जैन ने अभिनेत्री की मॉर्फ की गई अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की थीं। इसके बाद पुलिस ने 14 नवंबर को दिल्ली के शाहदरा (Shahdara) स्थित जगतपुरी (Jagatpuri) इलाके से उसे गिरफ्तार किया।
ट्रांजिट रिमांड नहीं लेने पर सवाल
पुलिस आरोपी को दिल्ली की स्थानीय मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किए बिना और ट्रांजिट रिमांड लिए बिना सीधे मुंबई ले आई थी। बांद्रा कोर्ट ने इस प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए। पुलिस ने आरोपी की तीन दिन की हिरासत मांगते हुए अश्लील तस्वीरें बनाने में इस्तेमाल किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बरामदगी का तर्क दिया था।
बीएनएसएस की धारा 35 का उल्लंघन
सुनवाई के दौरान अदालत ने पाया कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35 के तहत गिरफ्तारी के लिए जरूरी कानूनी शर्तों का पालन किए जाने के पर्याप्त प्रमाण रिकॉर्ड पर नहीं हैं। अदालत ने स्पष्ट किया कि केवल आगे की जांच की जरूरत बताकर किसी व्यक्ति को गिरफ्तार करना उचित नहीं है।
आरोपी के वकील अमन शाही (Aman Shahi), प्रशांत त्रिवेदी (Prashant Trivedi) और आदित्य जैन (Aditya Jain) ने भी गिरफ्तारी का विरोध किया था। अदालत ने गिरफ्तारी को गैरकानूनी मानते हुए आरोपी को रिहा करने का आदेश दिया।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad