Hindi News / Business / Crime

3 लाख ग्राहकों पर 104 करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया

Article Top Ad

महावितरण की भांडुप परिमंडल में बकायेदारों के खिलाफ जोरदार वसूली मुहिम
मुंबई: महावितरण (MSEDCL) के भांडुप परिमंडल (Bhandup Circle) में करीब 3 लाख ग्राहकों पर 104.34 करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया है। लंबे समय से लंबित इन बिलों की वसूली के लिए महावितरण ने विशेष अभियान शुरू किया है। विभाग ने बकायेदार ग्राहकों से तत्काल बकाया बिल जमा करने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि बार-बार सूचना के बावजूद भुगतान नहीं करने पर नियमानुसार बिजली आपूर्ति काटने की कार्रवाई की जाएगी।
वाशी मंडल में सबसे ज्यादा बकाया
भांडुप परिमंडल के अंतर्गत पेण (Pen), ठाणे (Thane) और वाशी (Vashi) तीन मंडल आते हैं। इनमें सबसे अधिक बकाया वाशी मंडल में है। वाशी मंडल के 1 लाख 15 हजार 622 ग्राहकों पर करीब 47 करोड़ रुपये बकाया हैं। पेण मंडल में 1 लाख 14 हजार 794 ग्राहकों पर 31 करोड़ रुपये, जबकि ठाणे मंडल में 68 हजार 724 ग्राहकों पर 27 करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया है।
घरेलू ग्राहकों पर 55.83 करोड़ बकाया
बकाया राशि में सबसे बड़ा हिस्सा घरेलू उपभोक्ताओं का है। भांडुप परिमंडल के लघुदाब घरेलू वर्ग के 2 लाख 53 हजार 224 ग्राहकों पर 55.83 करोड़ रुपये बकाया हैं। वहीं, लघुदाब वाणिज्यिक वर्ग के 40 हजार 329 ग्राहकों पर 35.50 करोड़ रुपये और लघुदाब औद्योगिक वर्ग के 5 हजार 12 ग्राहकों पर 12.36 करोड़ रुपये बकाया हैं। अन्य वर्ग के 575 ग्राहकों पर 64 लाख रुपये की बकाया राशि है।
समय पर बिल भरने की अपील
भांडुप परिमंडल के मुख्य अभियंता संजय पाटील (Sanjay Patil) ने कहा कि परिमंडल में 3 लाख से अधिक लघुदाब ग्राहकों पर 104 करोड़ रुपये से ज्यादा का बिजली बिल बकाया है। महावितरण की ओर से ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली सेवा उपलब्ध कराने के लिए बिजली व्यवस्था की देखभाल और मरम्मत पर लगातार बड़ी राशि खर्च की जाती है। इसलिए इस्तेमाल की गई बिजली का बिल समय पर चुकाना प्रत्येक ग्राहक की जिम्मेदारी है। उन्होंने बकायेदारों से कार्रवाई की नौबत आने से पहले लंबित बिजली बिल तत्काल जमा करने की अपील की। साथ ही, बार-बार सूचना दिए जाने के बावजूद बकाया नहीं चुकाने वाले ग्राहकों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad